चूरू में रविवार शाम एक ट्रैक्टर पलटने से 35 वर्षीय ड्राइवर की मौत हो गई। यह हादसा सदर थाना क्षेत्र के ढाणी मुनीम जी गांव में खेत जाते समय हुआ। गंभीर रूप से घायल युवक को डीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान विक्रम सिंह उर्फ अनिल कुमार (35) के रूप में हुई है, जो नगरपरिषद में दमकल ड्राइवर के पद पर कार्यरत था। हादसे की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया।
संतुलन बिगड़ने से पलटा ट्रैक्टर
दोपहर मृतक के पिता अशोक कुमार ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका बेटा विक्रम सिंह उर्फ अनिल कुमार बुगाला हाल हाउसिंग बोर्ड निवासी था और रविवार शाम ढाणी मुनीम जी की रोही में स्थित खेत में ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। रास्ते में संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर पलट गया, जिसके नीचे दबने से विक्रम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। सदर थाना के एएसआई सुरेंद्र रेडू ने बताया कि मृतक के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
