हिसार में पुलिस ने 480 नशीले कैप्सूल बरामदगी मामले में मुख्य सप्लायर को राजस्थान के सीकर से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पहले ही 2 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस अब पूरे नशा तस्करी नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
चौकी मंगाली प्रभारी एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में यह खुलासा हुआ था। उन्होंने बताया कि बरामद 480 नशीले कैप्सूल सीकर, राजस्थान निवासी शंकर लाल ने उपलब्ध करवाए थे। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सीकर में दबिश देकर आरोपी शंकर लाल को गिरफ्तार कर लिया।
एमआर के रूप में काम करता है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी शंकर लाल को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में शंकर लाल ने स्वीकार किया कि बरामद नशीले कैप्सूल उसी ने सप्लाई किए थे। उसने यह भी बताया कि वह सीकर में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में काम करता है।
नेटवर्क की जांच कर रही पुलिस
पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि ये नशीले कैप्सूल कहां से खरीदे गए थे, किन-किन लोगों तक इनकी आपूर्ति की गई और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। एसपी सिद्धांत जैन ने दोहराया कि हिसार पुलिस का लक्ष्य केवल तस्करों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि पूरे नशा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करना है। इसके लिए लगातार अभियान चलाकर हर कड़ी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
