चूरू
देशव्यापी गो-सम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को गोभक्तों ने संत-महात्माओं के सानिध्य में रैली निकाली। पीएम के नाम कलेक्टर को ज्ञापन देकर गाय को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग की। अभियान को लेकर पहले रीको क्षेत्र में सभा की गई।
सभा के दौरान संतों व वक्ताओं ने कहा कि अनदेखी के कारण आज गोमाता दुर्दशा का शिकार हो रही है। सरकार को चाहिए कि वे गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा देकर पूरा सम्मान दे और इनके संरक्षण के लिए व्यापक कदम उठाए। इसके बाद सभा स्थल से देवनाथ, ध्याननाथ, नवरतन गिरी, श्यामनाथ, गंगानाथ महाराज सहित अन्य संतों के सानिध्य में रैली रवाना हुई, जो आपणी योजना कलेक्टर कार्यालय पहुंची, जहां पर कलेक्टर को ज्ञापन दिया गया। रैली में जिले की विभिन्न तहसीलों के प्रभारियों, स्थानीय गोभक्तों तथा मातृशक्ति ने हाथों में बैनर-तख्तियां लेकर गोसेवा व गोरक्षा का संकल्प दोहराया। ज्ञापन में गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, देश में गो हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने व सख्त कानून बनाने, प्रत्येक क्षेत्र में बेसहारा गोवंश के संरक्षण व संवर्द्धन के लिए प्रभावी व्यवस्थाएं करने की मांग की गई। इस मौके पर अध्यक्ष बाबूलाल जांगिड़, गोपीराम शर्मा, बीएन राजोतिया, राधेश्याम, घनश्याम सारोठिया, श्रीराम चोटिया, आरजे 10 गोरक्षक दल, विनोद जांगिड़, हरीश बजाज, विनोद राठी, रविशंकर, ललित, सुरेश, श्रीराम पिपलवा, चंद्रशेखर ओझा, सांवरमल शर्मा, सुभाषचंद्र शर्मा, हंसराज बिलंग, हरिराम, बनवारीलाल पूनिया, लालचंद अग्रवाल, निशा शर्मा, विनिता शर्मा, सरोज, ललिता आदि मौजूद रहे।
