चूरू जिले के सरदारशहर में गुरुवार सुबह करीब 4:45 बजे से करीब एक घंटे तेज बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान 37 डिग्री से घटकर 31 डिग्री रह गया। एक घंटे की बारिश से शहर के मुख्य बाजार और सब्जी मंडी में करीब 3 फीट तक पानी भर गया, जिससे बाजार में आवाजाही ठप हो गई और अधिकांश दुकानें बंद रहीं। मुख्य बाजार सहित शहर के कई मोहल्लों और गलियों में भी जलभराव हुआ। सड़कों पर पानी भरने से दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नगर परिषद के दावों पर सवाल
नगर परिषद ने मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और नालों की सफाई के दावे किए थे। मुख्य बाजार और निचले इलाकों में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से कुछ ही देर की बारिश में सड़कों पर 3 फीट तक पानी जमा हो गया। लोगों को दैनिक कार्यों के लिए पानी के बीच से गुजरना पड़ा। वहीं व्यापारी अपनी दुकानें नहीं खोल पाए किसानों को फायदा, फसलों में नमी बढ़ी
बारिश से खरीफ फसलों को नमी मिली है। बाजरा, मूंग, ग्वार और मोठ की फसलों में नमी बढ़ने से बढ़वार की उम्मीद जताई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों और जोहड़ों में भी पानी की आवक शुरू हो गई है।
मौसम विभाग का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में मानसून सक्रिय है और आगामी चार से पांच दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना है।
