सीकर में 17 साल की नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दो युवक पानी पीने के बहाने आए और पीड़िता को किडनैप कर अपने साथ ले गए। होटल में ले जाकर आरोपियों ने उसका रेप किया और बाद में बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस की गाड़ी गुरुवार सवेरे पीड़िता को घर छोड़कर गई। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में नाबालिग की मां ने बताया- बुधवार रात करीब 11:45 बजे आरोपी ने उनके मोबाइल पर फोन किया। फोन उनकी नाबालिग बेटी ने उठाया। आरोपी ने खुद को घर के बाहर खड़ा बताकर पानी मांगा।
पीड़िता पानी का गिलास लेकर बाहर गई। आरोपी ने पानी पीने के बाद गिलास वहीं फेंक दिया और उसे किडनैप कर लए गए। शिकायत के अनुसार, आरोपी और उसके साथी ने नाबालिग को एक होटल ले गए। वहां दोनों ने उसके साथ छेड़छाड़ की, अश्लील हरकतें कीं और बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां ने बताया कि गुरुवार सुबह जब बेटी घर पर नहीं मिली तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। बाद में एक व्यक्ति ने उसकी बेटी को बेहोशी की हालत में देखकर पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस कंट्रोल रूम 112 की गाड़ी सुबह करीब 9 बजे किशोरी को उसके घर छोड़कर गई। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
