चूरू रक्षाबंधन को लेकर डाक विभाग ने जिले के 364 डाकघरों में वाटरप्रूफ लिफाफे व राखी बॉक्स की व्यवस्था की है। इन विशेष पैकेजिंग साधनों के माध्यम से बहनें अपनी राखियों के अलावा शुभकामना संदेश व उपहार भी भेज सकती हैं। अक्सर बारिश के मौसम में डाक देरी मिलने व बारिश के कारण खराब होने की दिक्कत रहती है। इसे देखते हुए ही विभाग ने से व्यवस्था शुरू की है। इसमें दो साइज के लिफाफे और एक बॉक्स शामिल हैं।
प्रधान डाकघर अधीक्षक अमित कुमार जैन ने बताया कि छोटा लिफाफा 10 रुपए व बड़ा लिफाफा 15 रुपए का मिलेगा। दोनों ही वाटरप्रूफ होंगे। एक राखी बॉक्स भी है, जो कि 30 रुपए का है। ये भी वाटरप्रूफ है और इसमें राखी के अलावा उपहार, मिठाई, कुमकुम आदि भी भेजे जा सकते हैं। अधीक्षक जैन ने बताया कि लिफाफों और बॉक्स के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। इस व्यवस्था से देश के किसी भी कोने में तथा विदेश तक भी स्पीड पोस्ट के माध्यम से समय पर राखी भेजी जा सकती है।
