सरदारशहर थाना क्षेत्र में एक परिवार ने अपनी बेटी के पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट, लूट और उनकी बेटी को जबरन साथ ले जाने की कोशिश का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित महिला का विवाह बीकानेर जिले में हुआ था। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही महिला को पति और ससुराल पक्ष की ओर से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। शिकायत में बताया गया है कि 29 जून को परिजन महिला के ससुराल पहुंचे। वहां समझाइश के बाद उसे अपने साथ खेत स्थित ढाणी पर ले आए थे। पीड़ित ने पुलिस को बताया- उसी दिन दोपहर बाद आरोपी एक पिकअप वाहन में सवार होकर ढाणी पर पहुंचे। आरोप है कि सभी लोग लाठियों और सरियों से लैस थे और उन्होंने जबरन घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में एक युवक के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि एक महिला की आंख, पैरों में चोटें लगीं। घायल महिला को इलाज के लिए राजकीय अस्पताल चूरू में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
महिला को जबरन ले जाने का आरोप
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने पीड़ित महिला को जबरन पिकअप वाहन में बैठाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसके कानों से सोने के बाले भी छीन लिए गए।
6.50 लाख रुपये नकद छीनने करने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने घर में रखे संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 6.50 लाख रुपये नकद, पांच जोड़ी चांदी की पाजेब, दो सोने की गलसरी, दो मंगलसूत्र, एक जोड़ी झुमर, दो जोड़ी चांदी की तागड़ी सहित अन्य जेवर निकाल लिए। पीड़ित परिवार की रिपोर्ट के आधार पर सरदारशहर थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सरदारशहर थाना अधिकारी मदन लाल बिश्नोई ने बताया कि मामला दर्ज किया गया मामले की जांच चल रही है!
