चूरू जिले के रतनगढ़ क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने दो अलग-अलग खेतों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने ट्यूबवेल की केबल, पीतल के नल और दो मोबाइल फोन चुरा लिए। यह घटना ऋषि स्कूल के पास स्थित खेतों में हुई।
पहली वारदात वार्ड नंबर 29, कोटड़ी निवासी चंद्रप्रकाश भारी के खेत में हुई। चोरों ने यहां लगे ट्यूबवेल की करीब 50 फीट बिजली की केबल और सिंचाई पाइप लाइन में लगे 25-30 पीतल के नल काट लिए। इसके अतिरिक्त, खेत में बने मकान के ताले भी तोड़े गए।
इसके बाद चोरों ने पास के ही एक अन्य खेत को निशाना बनाया। यहां खाट पर सो रहे किसानों के दो मोबाइल फोन चुराकर फरार हो गए। पीड़ितों के अनुसार, उन्हें रात करीब ढाई बजे जागने पर मोबाइल गायब होने और चोरी का पता चला।
सुबह सूचना मिलने पर रतनगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पीड़ित किसानों ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस अब चोरों की तलाश में जुट गई है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
