चूरू में वार्ड 6 निवासी एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। सोशल मीडिया पर सस्ते धागे का विज्ञापन देखकर ऑनलाइन ऑर्डर करने पर उसने 4500 रुपए गंवा दिए। मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना की साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई राशि को बैंक से संपर्क कर होल्ड करवा दिया।
साइबर सेल प्रभारी सुनील धायल ने बताया कि युवक ने सोशल मीडिया पर धागा बेचने का एक विज्ञापन देखा था। उसने संबंधित नंबर पर संपर्क किया और बातचीत के दौरान आरोपी ने उससे 4500 रुपए का ऑनलाइन भुगतान करवा लिया। राशि जमा होने के बाद न तो युवक को सामान भेजा गया और न ही उसके पैसे लौटाए गए।
ठगी की राशि को करवाया होल्ड खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर युवक ने तुरंत पुलिस से शिकायत की। साइबर सेल ने बिना देरी किए बैंक से समन्वय स्थापित किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई राशि को होल्ड करवा दिया, जिससे युवक के पैसे सुरक्षित हो सके।
साइबर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक और सस्ते विज्ञापनों के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति या वेबसाइट पर भुगतान करने से पहले उसकी सत्यता की पूरी जांच कर लें। ठगी की आशंका होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या संबंधित पोर्टल पर रिपोर्ट करें, ताकि समय रहते राशि को सुरक्षित किया जा सके।
