चूरू जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में चोरी के इरादे से एक घर में घुसे युवक को लोगों की सजगता से पकड़ लिया गया। घटना देर रात शहर के वार्ड 28 में हुई, जिसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात वार्ड 28 में बिजली गुल थी। अंधेरे का फायदा उठाकर गौरीसरियों की ढाणी निवासी चुन्नीलाल एक नोहरे से होते हुए विष्णुदत्त आत्रेय के मकान में घुस गया। परिवार के सदस्यों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे देख लिया। आरोपी घर के पीछे एक कमरे में छिप गया और अंदर से कुंडी लगा ली।
मोहल्ले के लोगों ने आरोपी को देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रतनगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चुन्नीलाल को हिरासत में ले लिया। इस संबंध में प्रदीप आत्रेय ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पकड़े गए आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह लोगों के द्वारा पकड़े जाने के बाद बचने की कोशिश करता नजर आ रहा है।
