राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल सिद्धमुख के सामने लगे ट्रांसफॉर्मर को सुरक्षित स्थान पर ट्रांसफर करने की मांग को लेकर सोमवार को तहसीलदार सिद्धमुख को एक ज्ञापन सौंपा गया। ग्रामीणों और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह मांग की गई है।
आमजन के लिए खतरा
ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के ठीक सामने लगा यह ट्रांसफार्मर विद्यार्थियों, शिक्षकों और आमजन के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। इसकी अनुचित स्थिति और ऊंचाई सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं है।
ग्रामीण बोले-विभाग को कई बार दी सूचना
ग्रामीणों ने जानकारी दी कि इस समस्या के संबंध में संबंधित विभाग और प्रशासन को पहले भी कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने प्रशासन से जनहित और विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रांसफार्मर को शीघ्र सुरक्षित स्थान पर उचित ऊंचाई पर स्थापित कराने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। ज्ञापन सौंपते समय राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी सिद्धमुख के सुमित रोलण सहित दयाचंद मेहरा, सोमबीर सांगवान, सुदाम खान और नवीन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
