राजगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मिठड़ी पट्टा में पुश्तैनी जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत में दवा छिड़काव को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने लाठी-डंडों और कृषि औजारों से हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है थाना अधिकारी राजेश सिहाग ने बताया कि मिठड़ी पट्टा निवासी दलीप सिंह (45) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। दलीप सिंह के अनुसार, उनकी पुश्तैनी जमीन को लेकर एसडीएम कोर्ट में विवाद चल रहा है। इस मामले में यथास्थिति बनाए रखने के आदेश भी जारी हैं दलीप सिंह ने रिपोर्ट में बताया कि कुछ समय पहले उनके भाई त्रिलोक सिंह और उनके बेटे रोनक सिंह ने विवादित जमीन पर ट्रैक्टर चलाकर कब्जा करने का प्रयास किया था। उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर शांति बनाए रखने की हिदायत दी थी।
रिपोर्ट के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9 बजे त्रिलोक सिंह विवादित खेत में दवा का छिड़काव कर रहा था। इससे दो दिन पहले इसी जमीन पर कच्ची झोपड़ी बनाने का भी आरोप लगाया गया है दलीप सिंह जब दवा छिड़काव रोकने के लिए खेत पहुंचे तो आरोप है कि त्रिलोक सिंह, रोनक सिंह, रोनक की पत्नी और बेटी कोमल ने लाठी-डंडों और कृषि औजारों से उन पर हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने आए लोग भी घायल
हमले में दलीप सिंह के सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे संतोष कंवर, धर्मेंद्र और गजेंद्र सिंह भी घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि हमलावर जाते समय जान से मारने की धमकी देकर गए। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
