नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए लंबे आंदोलन के बाद हुए केस वापसी के समझौते की पालना पर अब सीजेपी ने सवाल उठाए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी ने अब राजस्थान पुलिस पर नीट आंदोलन से जुड़े स्टूडेंट्स को परेशान करने का आरोप लगाते हुए रवैया सुधारने की चेतावनी दी है। सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने वीडियो के जरिए बयान जारी कर राजस्थान पुलिस पर स्टूडेंट्स के घर जाकर और उन्हें कॉल कर परेशान करने का आरोप लगाया है। आशुतोष रांका ने कहा- राजस्थान की हमारी कोर टीम के कुछ लोगों के घरों पर पुलिस लगातार पहुंच रही है।उन्हें कॉल करके परेशान कर रही है। हम उम्मीद करते हैं कि केंद्र सरकार लिखित समझौता हुआ था, वह भी जल्द रिलीज करेगी।
रांका बोले-25 जुलाई के समझौते का सम्मान करें केंद्र और राज्य सरकारें
रांका ने कहा- हमारी प्रेस कांफ्रेंस के बाद और उससे पहले बिहार सरकार ने छात्रों के खिलाफ जितने भी केस थे, उन्हें वापस ले लिया हे। बंगाल में भी सारी एफआईआर वापस ले ली गई हैं। हम केंद्र सरकार और राज्य सरकारों से मांग करते हैं कि आप छात्रों और युवाओं को टारगेट नहीं करें। केंद्र और राज्य सरकारें 25 जुलाई को जो हमारा समझौता हुआ था, उसका सम्मान करें।

राजस्थान में भी हुआ था विरोध-प्रदर्शन
नीट पेपरलीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर चले धरने में राजस्थान से कई स्टूडेंट ने हिस्सा लिया था। जयपुर सहित राजस्थान के बड़े शहरों में सीजेपी से जुड़े कई स्टूडेंट्स ने विरोध-प्रदर्शन किए थे। जयपुर में जवाहर सर्किल पर सीजेपी से जुड़े स्टूडेंट ने कई दिनों तक विरोध-प्रदर्शन करने के साथ धरना दिया था। सीजेपी का आरोप है राजस्थान पुलिस अलग-अलग जिलों में स्टूडेंट को परेशान कर रही है।