कुचामन सिटी के सरकारी हॉस्पिटल में कई मरीजों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन करने के बाद आंख में फैले इंफेक्शन के मामले में राहत की खबर है। सवाई मानसिंह हॉस्पिटल में भर्ती 5 में से 2 मरीजों की स्थिति में शुक्रवार को सुधार आया है, जबकि तीन अन्य मरीजों की स्थिति अभी स्थिर है।
SMS मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया- सभी मरीजों की आंखों का गुरुवार को प्रोसीजर करके उनमें से इंफेक्शन निकाला गया था। इसके बाद दो मरीजों की आंखों का विजन सुधरा है। मरीज घासीराम (65) और नारायणी देवी (67) के आंखों की जांच के बाद दोनों के विजन में सुधार देखने को मिला है। जबकि हीराराम (73), गोकुल (70), मीरा देवी (68) में भी संक्रमण कंट्रोल में है, लेकिन उनके विजन की स्थिति अभी पहले जैसी है।
रिपोर्ट आना बाकी
डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया- मरीजों की आंखों से निकाले गए संक्रमण की कल्चर रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। कल्चर रिपोर्ट के आधार पर ही डॉक्टर आगे का लाइन ऑफ ट्रीटमेंट तय करेंगे। बता दें कि सभी मरीजों का मोतियाबिंद का ऑपरेशन 28 जुलाई को कुचामन सिटी में हुआ था। सभी ऑपरेशन वहां डॉ. विनोद और डॉ. राजकुमारी ने किए थे। इसके लगभग 24 घंटे बाद इंफेक्शन फैलने लगा और आंखें सफेद पड़ गईं। इसके बाद 5 मरीजों को जयपुर में 29 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे एसएमएस हॉस्पिटल रेफर किया गया, जबकि 2 मरीजों को जेएलएन हॉस्पिटल अजमेर रेफर किया गया।
